जकार्ता: इंडोनेशिया के वेस्ट जावा प्रांत स्थित बोगोर जिले के पोंगकोर क्षेत्र में एक अवैध सोने की खदान में पानी भर जाने से भीषण हादसा हो गया है। इलाके में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण पास बहने वाली नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और पानी करीब 100 मीटर गहरी खदान में जा घुसा। इस दुर्घटना के समय खदान के भीतर कुल 37 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से 11 मजदूर समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन 26 मजदूर अंदर ही फंस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और नेशनल सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने अब तक 9 मजदूरों के शव बरामद कर परिजनों को सौंप दिए हैं, जबकि शेष 17 लापता मजदूरों की तलाश जारी है। हालांकि, घने अंधेरे, संकरे रास्ते, कीचड़ भरी फिसलन और लगातार हो रही बारिश के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार, अंदर फंसे मजदूरों से कोई संपर्क न हो पाने के कारण उनके जीवित बचने की उम्मीद बेहद कम हो गई है।
हादसे के तुरंत बाद खदान मालिक और जिम्मेदार अधिकारी मौके से फरार हो गए हैं। जांच में सामने आया है कि यह खदान अवैध रूप से संचालित की जा रही थी और मौसम खराब होने के बावजूद बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के मजदूरों को अंदर उतारा गया था। वहीं, सरकारी खनन कंपनी 'एंटाम' (Antam) ने स्पष्ट किया है कि यह दुर्घटना उनकी आधिकारिक परियोजना का हिस्सा नहीं है। गौरतलब है कि प्रशासन ने पिछले सप्ताह ही इस क्षेत्र में करीब 30 अवैध खदानों को बंद कराया था।