लखनऊ न्यूज डेस्क: क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। दोनों 4 दिसंबर को लखनऊ में सात फेरे लेंगे। शादी का कार्यक्रम होटल रमाडा में रखा गया है, जबकि इससे एक दिन पहले यानी 3 दिसंबर से मेहंदी और पूजा की रस्में शुरू होंगी। इस शादी में राजनीति, क्रिकेट और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की चर्चा है।
इस खास मौके के लिए करीब 2,000 मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। मेहमानों की लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और अभिनेता शाहरुख खान जैसे नाम शामिल हैं। प्रिया सरोज ने प्रियंका गांधी के माध्यम से राहुल गांधी को शादी का न्योता भेजा है। वहीं, अखिलेश यादव के पत्नी डिंपल यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ समारोह में पहुंचने की संभावना है।
राजनीतिक हस्तियों के अलावा क्रिकेट की दुनिया से भी कई जाने-पहचाने चेहरे इस समारोह में नजर आ सकते हैं। करीब 8 से 10 केंद्रीय मंत्रियों और 90 सांसदों-विधायकों को निमंत्रण भेजा गया है। क्रिकेटरों में भुवनेश्वर कुमार, सुरेश रैना और कुलदीप यादव समेत कई खिलाड़ियों को बुलाया गया है। इस तरह रिंकू और प्रिया की शादी में अलग-अलग क्षेत्रों की नामचीन हस्तियों के जुटने की उम्मीद है।
शादी के लिए प्रिया का खास लुक और मेहमानों के लिए खास मेन्यू
शादी के लिए प्रिया सरोज ने अपने कपड़ों और ज्वेलरी पर भी खास ध्यान दिया है। उन्होंने लखनऊ से अपने वेडिंग आउटफिट्स का कलेक्शन तैयार किया है, जिसमें बनारसी साड़ियां भी रखी गई हैं। बताया जा रहा है कि जयमाल के दौरान वह अपने क्षेत्र पिंडरा के स्थानीय बाजार की ज्वेलरी पहनेंगी। वहीं, मेहमानों के खाने का इंतजाम भी खास होगा। शादी में पूरी तरह शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा, जिसमें वेलकम सूप से लेकर कई तरह के व्यंजन और खास डेजर्ट शामिल होंगे।