लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में ईद के मौके पर राजनीति से ऊपर उठकर सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। यहां हजारों नमाजियों ने एक साथ नमाज अदा की और अमन-चैन व तरक्की की दुआ मांगी।
इस अवसर पर अलग-अलग दलों के नेता एक मंच पर नजर आए। भाजपा से राज्यसभा सांसद व पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा और डॉ रीता बहुगुणा जोशी पहुंचे, वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, एमएलसी राजेंद्र चौधरी और विधायक रविदास मेहरोत्रा भी मौजूद रहे। इसके साथ ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और सभी को ईद की शुभकामनाएं दीं।
ईदगाह में नमाज के दौरान गंगा-जमुनी तहजीब की झलक साफ नजर आई। यहां हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर और फूल बरसाकर बधाई दी। अनुमान है कि करीब 50 से 60 हजार लोगों ने यहां एक साथ नमाज अदा की, जिससे पूरा क्षेत्र सौहार्द के माहौल में सराबोर हो गया।
इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि हाल ही में होली और अब ईद, दोनों पर्व मिलजुल कर मनाए जा रहे हैं, जो देश की असली पहचान है। वहीं डॉ दिनेश शर्मा ने ऐशबाग ईदगाह और रामलीला मैदान के इतिहास का जिक्र करते हुए एकता का संदेश दिया। अजय राय ने भी सभी नेताओं की एक साथ मौजूदगी को सकारात्मक बताते हुए भाईचारे को मजबूत करने की बात कही।