लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ में शुक्रवार सुबह मौसम ने करवट ली और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हल्के बादलों के साथ तेज हवाएं चलीं और दोपहर तक शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दो दिनों तक गरज-चमक और बौछारों का सिलसिला जारी रह सकता है। इससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे गर्मी से परेशान लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।
शुक्रवार सुबह 7 बजे जहां तेज धूप निकली थी, वहीं 10 बजे तक आसमान बादलों से घिर गया। करीब 12 बजे आशियाना, आलमबाग और रामाबाई अंबेडकर मैदान जैसे इलाकों में बारिश हुई। हवाएं 35 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलीं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री दर्ज किया गया था। इस दिन मौसम साफ था, लेकिन तेज पूर्वी हवा का प्रभाव बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और चक्रवातीय दबाव की स्थिति बनने से यूपी के मौसम में बदलाव आया है। 1 से 5 मई के बीच आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में बारिश शुरू भी हो चुकी है। विशेषज्ञों का कहना है कि मई में लखनऊ में सामान्य से ज्यादा गर्मी रहेगी और हीट वेव व गर्म रातों की संख्या भी बढ़ सकती है। अप्रैल में कई बार पारा 40 डिग्री के पार पहुंचा था और 25 अप्रैल को तो तापमान 43 डिग्री तक चला गया था।