ताजा खबर

आजम खान को ईडी की 4 दिन की रिमांड, शुक्रवार को लखनऊ लाकर होगी पूछताछ; शिवपाल ने भाजपा को घेरा

Photo Source : Google

Posted On:Thursday, November 12, 2026

लखनऊ न्यूज डेस्क: जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की मुश्किलें फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को अदालत से उनकी चार दिन की कस्टडी रिमांड मिल गई है। अब शुक्रवार को उन्हें लखनऊ लाया जाएगा, जहां ईडी की टीम उनसे पूछताछ करेगी। इस दौरान जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों को लेकर सवाल किए जा सकते हैं।

डासना जेल में बंद हैं आजम खान

हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद 31 अक्टूबर को आजम खान रामपुर जेल से बाहर आए थे। हालांकि, जेल से रिहा होते ही ईडी ने उन्हें जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया। 1 नवंबर को विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किए जाने के बाद से वह गाजियाबाद की डासना जेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं।

शिवपाल यादव ने जेल में की मुलाकात, भाजपा पर साधा निशाना

इस बीच, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने गुरुवार को गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचकर आजम खान से मुलाकात की। जेल पहुंचने से पहले वेदांता टोल प्लाजा पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आजम खान को लगातार परेशान किया जा रहा है और उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए हैं।

शिवपाल ने कहा कि आजम खान का एकमात्र दोष यह है कि उन्होंने गरीब बच्चों के लिए यूनिवर्सिटी बनाई। चार बार मंत्री और दो बार सांसद रहने के बावजूद जेल में उनके साथ बुनियादी नियमों के मुताबिक व्यवहार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि आजम खान को न्याय मिलेगा।

426 करोड़ रुपये से जुड़े लेन-देन की जांच

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईडी की जांच करीब 426 करोड़ रुपये की कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी है। एजेंसी जौहर ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन, यूनिवर्सिटी के निर्माण में इस्तेमाल हुई रकम के स्रोत और शत्रु संपत्तियों पर कथित कब्जे से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है। ईडी यह भी जानना चाहती है कि ट्रस्ट को मिले पैसों का इस्तेमाल कहां और किन कामों में किया गया।


लखनऊ और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Lucknowvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.