लखनऊ न्यूज डेस्क: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। दिल्ली से बलिया जा रही तेज रफ्तार क्रेटा कार डौकी थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर बीच के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में बैठे तीन लोग उछलकर एक्सप्रेसवे की जाली के पार आरओडब्ल्यू क्षेत्र में पत्थरों पर जा गिरे। हादसा सुबह करीब 7:15 बजे हुआ।
पुलिस के मुताबिक, क्रेटा की रफ्तार करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटा थी। कार यशवंत पुत्र संजय तलवार, निवासी दुर्गा पार्क, थाना डाबरी, दिल्ली चला रहे थे। उनके साथ जयप्रकाश, चंद्रकांत, भूपेंद्र सिंह और कपिल सिंह सवार थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के चलते कार का संतुलन बिगड़ा और वह मध्य डिवाइडर के एमबीसीबी से टकरा गई।
टक्कर के बाद जयप्रकाश, भूपेंद्र सिंह और कपिल सिंह कार से उछलकर डिवाइडर पार करते हुए एलएचएस की जाली के ऊपर से आरओडब्ल्यू क्षेत्र में जा गिरे। तीनों को गंभीर हालत में एंबुलेंस से आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं चालक यशवंत और चंद्रकांत भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें सीएचसी से आगरा रेफर किया गया है।
हादसे की जानकारी मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधामोहन द्विवेदी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डौकी पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव का काम संभाला। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे की जांच की जा रही है।