लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के करोड़पति कारोबारी शिव शर्मा की हत्या की आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को गुरुवार को सड़क के रास्ते नागपुर से लखनऊ लाया जाएगा। उत्तर प्रदेश एसटीएफ के सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह श्रद्धा को नागपुर की अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस वहां से ट्रांजिट रिमांड लेने की मांग करेगी। पहले श्रद्धा को फ्लाइट से लखनऊ लाने की योजना थी, लेकिन सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे बदल दिया गया। नागपुर से लखनऊ की दूरी करीब 850 किलोमीटर है और सड़क से पहुंचने में 15 से 18 घंटे लग सकते हैं।
लखनऊ पहुंचने के बाद श्रद्धा को गुरुवार को यहां की अदालत में पेश किया जाएगा। इस बीच, उसकी गिरफ्तारी के बाद दो और ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई हैं। दावा किया जा रहा है कि इन रिकॉर्डिंग में श्रद्धा शिव शर्मा को गालियां देती और धमकाती सुनाई दे रही है। पुलिस ने मंगलवार को नागपुर के एक अपार्टमेंट से श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को गिरफ्तार किया था।
दरअसल, 9 अक्टूबर को लखनऊ में श्रद्धा दुबे के अपार्टमेंट से गिरने के बाद शिव शर्मा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। शिव की मां ने श्रद्धा के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी। घटना के बाद से ही श्रद्धा फरार थी। अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे लखनऊ लाकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।