लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के 27 वर्षीय कैफे मालिक शिवा शर्मा की हत्या के मामले में नया मोड़ आया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने जांच की निगरानी कर रहे डीसीपी विक्रांत वीर का तबादला कर दिया है। उन्हें उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कार्यालय से अटैच किया गया है। इसके अलावा, हजरतगंज थाने के प्रभारी विक्रम सिंह को भी उनके पद से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
इस मामले में शिवा की लिव-इन पार्टनर और मॉडल-इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश हत्या के मामले में वांछित हैं। तीनों अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
लखनऊ पुलिस ने रविवार को तीनों की गिरफ्तारी में मददगार जानकारी देने वालों के लिए इनाम की रकम बढ़ा दी। पहले प्रत्येक आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था, जिसे बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी हासिल कर लिए हैं।