लखनऊ न्यूज डेस्क: भारतीय रेलवे ने दिल्ली में 10 अक्टूबर को संभावित भारी ट्रैफिक जाम को देखते हुए कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। यह आदेश शुक्रवार, 9 अक्टूबर की देर शाम से लागू होगा। जिन ट्रेनों को 10 अक्टूबर की सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचना था, वे प्रभावित होंगी। रेलवे के इस फैसले से लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है।
रेलवे के इस कदम को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन से जोड़कर भी देखा जा रहा है, हालांकि अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। शुक्रवार को लखनऊ मेल, गोरखधाम एक्सप्रेस, एसी एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस और राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के रद्द होने की जानकारी दी गई है। रेलवे के आदेश के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से चलने वाली संबंधित ट्रेनें भी रद्द रहेंगी।
लखनऊ से चलने वाली तेजस एक्सप्रेस भी रद्द
लखनऊ से सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली जाने वाली तेजस एक्सप्रेस को भी रद्द कर दिया गया है। ट्रेन नंबर 82501 और 82502 के तहत चलने वाली लखनऊ-नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस की सेवाएं 10 अक्टूबर को प्रभावित रहेंगी। रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के आसपास भारी ट्रैफिक की आशंका को इस फैसले की वजह बताया है। यात्रियों को स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
पूर्वोत्तर रेलवे की ये ट्रेनें भी नहीं चलेंगी
पूर्वोत्तर रेलवे ने भी कई ट्रेनों को रद्द करने की जानकारी दी है। इनमें 9 अक्टूबर को चलने वाली 12559 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस और 12581 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस शामिल हैं। इनके अलावा 10 अक्टूबर को चलने वाली 12560 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस, 12582 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस, 15303 कासगंज-नई दिल्ली एक्सप्रेस, 82501 लखनऊ जंक्शन-नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस और 82502 नई दिल्ली-लखनऊ जंक्शन तेजस एक्सप्रेस भी रद्द रहेंगी।
रेलवे के मुताबिक, रद्द हुई ट्रेनों के टिकट का रिफंड काउंटर से टिकट लेने वाले यात्रियों को रेलवे काउंटर पर मिलेगा, जबकि ऑनलाइन टिकट बुक कराने वालों का रिफंड आईआरसीटीसी के जरिए किया जाएगा। इससे पहले दिल्ली में प्रस्तावित रेल रोको आंदोलन को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने देशभर में अलर्ट जारी किया था। यात्रियों को सलाह है कि यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक जानकारी जरूर जांच लें।