लखनऊ न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश में अब मौसम का रुख साफ तौर पर गर्मी की ओर मुड़ गया है। बुधवार से अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा होने का अनुमान है। इसका मतलब है कि आने वाले दिनों में दिन और ज्यादा तपने वाले हैं।
मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में चटक धूप रही। पश्चिमी दिशा से चल रही सूखी हवाओं ने गर्मी का असर और तीखा कर दिया। इन हवाओं की रफ्तार 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची, जिससे नमी कम हुई और वातावरण में शुष्कता बढ़ी। दोपहर के समय लोगों को तेज धूप और गर्म हवा का सामना करना पड़ा।
अगर तापमान की बात करें तो झांसी सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां पारा 34.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। फतेहपुर, वाराणसी और आगरा में भी तापमान 33 डिग्री के पार दर्ज किया गया। वहीं लखनऊ सहित कई शहरों में दोपहर के वक्त धूप की तीव्रता ज्यादा रही।
इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट के लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, आने वाले तीन से चार दिनों में दिन का तापमान और चढ़ सकता है। हालांकि पछुआ हवाओं की रफ्तार कुछ कम होगी, लेकिन गर्मी से राहत की फिलहाल उम्मीद नहीं है।