लखनऊ न्यूज डेस्क: समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार को लखनऊ के भैंसाकुंड स्थित बैकुंठ धाम में किया गया। इस दौरान परिवार, रिश्तेदारों और समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद रही। प्रतीक यादव के ससुर और वरिष्ठ पत्रकार अरविंद बिष्ट ने मुखाग्नि दी।
अंतिम संस्कार के बाद अरविंद बिष्ट भावुक नजर आए। उन्होंने आंखों से आंसू पोंछते हुए हाथ जोड़कर अपने दामाद को अंतिम श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
इससे पहले प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा उनके आवास से निकाली गई, जिसमें हजारों समर्थक शामिल हुए। यात्रा के दौरान “प्रतीक यादव अमर रहें” के नारे गूंजते रहे। समाजवादी पार्टी और भाजपा के कई नेता भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव ने अर्थी को कंधा दिया, जबकि धर्मेंद्र यादव पूरे समय परिवार के साथ मौजूद रहे।
प्रतीक यादव को जानवरों से बेहद लगाव था। अपर्णा यादव ने उनकी अंतिम यात्रा में पालतू कुत्तों और बंदर की तस्वीर भी रखवाई, जिसने मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। बुधवार रात अपर्णा यादव अपनी दोनों बेटियों के साथ पार्थिव शरीर के पास बैठी रहीं। इससे पहले कई नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।