लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एलिवेटेड रोड का प्लास्टर अचानक नीचे गिर गया। घटना के बाद सुरक्षा के लिहाज से एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी गई। हालांकि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्लास्टर गिरने वाली जगह पर बैरिकेडिंग कर दी गई है, ताकि वहां से गुजरने वाले वाहन और लोग सुरक्षित रहें।
ट्रैफिक को रोकने के बाद कार्यदायी संस्था पीएनसी के कर्मचारियों और स्थानीय पुलिस ने वाहनों को लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग की तरफ डायवर्ट कर दिया। प्लास्टर गिरने की वजह से एलिवेटेड रोड की सरिया बाहर दिखाई देने लगी है। घटना के बाद निर्माण की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि बंथरा के पास यह घटना होने के बाद खाण्डेदेव टोल पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। अब तक बारिश के दौरान एक्सप्रेसवे के ग्रीन फील्ड और एलिवेटेड रोड के कुछ हिस्सों में सड़क धंसने की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन प्लास्टर गिरने की यह पहली घटना बताई जा रही है। इससे एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
गौर करने वाली बात है कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण 13 जुलाई 2026 को ही हुआ था। इतने कम समय में एक्सप्रेसवे पर कई तरह की खामियां सामने आ चुकी हैं। ग्रीन फील्ड हिस्से में बार-बार सड़क धंसने की समस्या की जांच आईआईटी खड़गपुर के प्रोफेसर केएस रेड्डी 7 अगस्त से कर रहे हैं। अब एलिवेटेड रोड का प्लास्टर गिरने की घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।