लखनऊ न्यूज डेस्क: राजधानी में होली पर्व को देखते हुए सुधार कार्य के नाम पर होने वाली बिजली कटौती पर रोक लगा दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान नियमित मेंटेनेंस के लिए बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाएगी। केवल अत्यंत आवश्यक स्थिति में ही उच्च अधिकारियों की अनुमति से आपूर्ति रोकी जा सकेगी।
बिजली कटौती से बाजार और घरों के कामकाज पर पड़ रहे असर की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। गोमतीनगर के विपिनखंड उपकेंद्र क्षेत्र में 25 फरवरी से 10 मार्च तक सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे के बीच प्रस्तावित मरम्मत कार्य के चलते चार बार आपूर्ति बाधित करने की योजना बनाई गई थी, जिसे अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। इस क्षेत्र में आईएएस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के आवास भी स्थित हैं।
हालांकि, कुछ इलाकों में जरूरी तकनीकी कार्य के चलते गुरुवार को सीमित समय के लिए बिजली बंद रहेगी। एक्सईएन जय प्रकाश के अनुसार, होली पर अतिरिक्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गऊघाट उपकेंद्र की 33 केवी लाइन पर कार्य किया जाएगा। इसके तहत सज्जादबाग, काशी विहार, मल्लाहीटोला और दौलतगंज क्षेत्र में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
इसी तरह कपूरथला उपकेंद्र के एलडीए मार्केट के आसपास दोपहर 12 बजे के बाद कुछ समय के लिए बिजली बंद की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।