लखनऊ न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश में गुरुवार को पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया। प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) संवर्ग के 15 अपर पुलिस अधीक्षकों के तबादले कर दिए गए हैं। इस सूची में कई बड़े और अहम पद शामिल हैं, जिन पर नई तैनाती दी गई है।
नए आदेश के मुताबिक, मोहिनी पाठक को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि महेश सिंह अत्रि को अपर पुलिस अधीक्षक पीटीएस मुरादाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. अर्चना सिंह अब अपर पुलिस उपायुक्त, कमिश्नरेट कानपुर नगर होंगी और धर्मेंद्र सचान को लखनऊ पुलिस मुख्यालय में तैनाती दी गई है।
इसके अलावा प्रमोद कुमार यादव को उपसेनानायक 36वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी का चार्ज मिला है। राजेंद्र प्रसाद यादव को सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर भेजा गया है। अनूप कुमार को मऊ में, रंजन सिंह को पुलिस महानिरीक्षक (स्थापना) कार्यालय में और अभय कुमार मिश्र को सतर्कता प्रतिष्ठान में नियुक्त किया गया है। अशोक कुमार यादव को ईओडब्ल्यू मुख्यालय लखनऊ भेजा गया है, जबकि कृष्ण कांत सरोज को मेरठ में अभिसूचना के पद पर तैनाती मिली है।
इसी तरह डॉ. राजीव कुमार सिंह को सतर्कता अधिष्ठान, डॉ. हृदेश कठेरिया को बदायूं (ग्रामीण), राहुल मिश्रा को देवरिया (उत्तरी) और अरविंद कुमार को पुलिस महानिरीक्षक (स्थापना) कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। इस तबादला सूची के बाद कई जिलों में पुलिस नेतृत्व में बदलाव देखने को मिलेगा।