लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे अचानक मौसम बदल गया। सुबह से तेज धूप, गर्मी और उमस के बीच अचानक आसमान में बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। जोरदार बारिश के चलते कई सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई, वहीं गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत भी मिली।
बारिश शुरू होते ही कई इलाकों में लोग भीगने से बचने के लिए सुरक्षित जगहों की ओर जाते दिखे। थोड़ी देर की तेज बारिश में ही कई जगह पानी भर गया। हालांकि, दोपहर करीब साढ़े तीन बजे के बाद धूप निकलने लगी, जिससे एक बार फिर उमस बढ़ गई और मौसम गर्म महसूस होने लगा।
सुबह से ही राजधानी में तेज धूप निकली हुई थी और दोपहर तक गर्मी के साथ उमस भी बनी रही। इसके बाद बादलों की आवाजाही बढ़ी और देखते ही देखते काले बादलों ने आसमान को ढक लिया। अचानक हुई बारिश से दफ्तर और बाजार जाने वाले लोगों को भी परेशानी हुई। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून की विदाई के दौरान मौसम में इस तरह के बदलाव देखने को मिलते हैं। लखनऊ में अगले दो-तीन दिन बूंदाबांदी हो सकती है, हालांकि बीच-बीच में धूप भी निकलती रहेगी।
बुधवार को प्रतापगढ़, कौशांबी और प्रयागराज समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई थी। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले एक-दो दिन गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि, शुक्रवार से पश्चिमी यूपी से मानसून की विदाई शुरू होने का अनुमान है और 22 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का दौर काफी हद तक थम सकता है। गुरुवार को बारिश के बावजूद लखनऊ का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा।