लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के फजुल्लागंज में बाढ़ का पानी भरने से कई परिवार घरों में ही फंसे हुए हैं। ऐसे लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए जिगीषा सोसाइटी के सदस्य नाव से बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे। टीम ने लोगों के घरों तक जरूरी दवाएं, ओआरएस और मिनरल वाटर की बोतलें पहुंचाईं।
राहत सामग्री मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने टीम को अपनी दूसरी जरूरतों के बारे में भी बताया। बाढ़ के कारण बाजार या बाहर निकलना मुश्किल होने की वजह से लोगों ने दूध, राशन, सब्जियां और अन्य जरूरी सामान पहुंचाने की मांग की। टीम ने फिलहाल बुखार, मलेरिया जैसी बीमारियों की दवाओं के साथ ओआरएस और पीने का पानी उपलब्ध कराया।
जिगीषा सोसाइटी की अध्यक्ष अंजली मिश्रा ने कहा कि इलाके में लोगों की जरूरतों को देखते हुए जल्द ही और राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी। संस्था के सदस्य लगातार बाढ़ प्रभावित परिवारों के संपर्क में हैं और उनसे उनकी जरूरतों की जानकारी ले रहे हैं, ताकि अगली बार उसी हिसाब से सामान पहुंचाया जा सके।
राहत अभियान के दौरान स्थानीय लोगों और वहां मौजूद मीडिया कर्मियों ने संस्था की टीम के प्रयासों की सराहना की। लोगों ने सदस्यों से दोबारा राहत सामग्री लेकर आने की अपील भी की। अभियान में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी शालिनी चौधरी के साथ संजय शर्मा, पंकिल, राकेश और कृष्णा मौजूद रहे। वहीं, जिगीषा सोसाइटी की ओर से आशुतोष गुप्ता, विकास द्विवेदी, रवि श्रीवास्तव और दिग्विजय अपनी वालंटियर्स टीम के साथ राहत कार्य में शामिल रहे।