लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के महानगर इलाके में सोमवार रात खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर रौब झाड़ने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गोल चौराहे स्थित एक दुकान पर बन-मक्खन खाने के बाद 40 रुपये का भुगतान करने से इनकार कर दिया और खुद को नोएडा से आया आईपीएस अधिकारी बताने लगा। पुलिस ने जांच के बाद उसे हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, लाल रंग की कार से आए चार लोगों में शामिल एक व्यक्ति ने दुकान पर बन-मक्खन खाया। जब भुगतान की बात आई तो वह दुकानदार से उलझने लगा और बिना पैसे दिए कार में बैठ गया। दुकानदार ने इसकी सूचना डायल-112 पर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ के दौरान उसने खुद को आईपीएस अधिकारी बताते हुए पुलिसकर्मियों से सलामी देने की मांग की।
पुलिस को उसके व्यवहार पर संदेह हुआ तो उससे पहचान पत्र मांगा गया। इस पर वह पुलिसकर्मियों के नाम पढ़कर उन्हें धमकाने और रौब जमाने लगा। इसी दौरान एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसकी कहानी झूठी निकली।
महानगर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्र के अनुसार आरोपी की पहचान 40 वर्षीय मिथलेश शुक्ला के रूप में हुई है, जो मड़ियांव क्षेत्र के भरतनगर का निवासी है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह आईपीएस अधिकारी नहीं है। वह नोएडा में एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत है। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हवालात में भेज दिया है।