लखनऊ न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2026 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए लखनऊ जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। गुरुवार को जिलाधिकारी विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने नबीउल्लाह रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (छोटी जुबली) और शाहमीना रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, बायोमेट्रिक सत्यापन, पहचान पत्र जांच, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और स्ट्रॉन्ग रूम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। केंद्र प्रभारियों को राज्य सरकार और परीक्षा प्राधिकरण की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन के अनुसार, सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। परीक्षा की सतत निगरानी के लिए जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जबकि पूरी व्यवस्था पर नजर रखने के लिए केंद्रीय कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
लखनऊ में यूपीटीईटी 2026 का आयोजन 46 परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है, जहां कुल 96,454 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 46 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 46 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।