लखनऊ न्यूज डेस्क: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे। उन्होंने लखनऊ को अपनी तपोभूमि और कर्मभूमि बताते हुए कहा कि उन्होंने यहीं से शिक्षा हासिल की है। लंबे समय बाद उत्तर प्रदेश लौटकर मतदाताओं और चुनाव से जुड़े लोगों से संवाद करने का मौका मिला है। अपने दौरे के दौरान वह बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और युवाओं से सीधे बातचीत करेंगे।
ज्ञानेश कुमार 24 अगस्त को कॉल्विन तालुकदार कॉलेज में छात्रों से संवाद करेंगे, जहां उन्होंने खुद शुरुआती शिक्षा हासिल की थी। इसके बाद इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ELC 2.0 और ECINet क्षेत्रीय सम्मेलन में शामिल होंगे। इसमें 20 जिलों के करीब 1,500 छात्र, शिक्षक और संस्थान प्रमुख हिस्सा लेंगे। युवाओं को वोटर बनने, मतदान, मतगणना और चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ डिजिटल चुनावी सिस्टम के बारे में भी बताया जाएगा।
दौरे के दूसरे दिन 25 अगस्त को मुख्य निर्वाचन आयुक्त लखनऊ और आसपास के जिलों के करीब 500 BLO से संवाद करेंगे। इस दौरान बीएलओ अपनी जमीनी समस्याएं और सुझाव साझा करेंगे। मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, घर-घर सत्यापन और मृत या दूसरे स्थान पर जा चुके मतदाताओं की जानकारी अपडेट करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। ज्ञानेश कुमार ने कहा कि बीएलओ मतदाताओं से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए चुनाव व्यवस्था में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
ज्ञानेश कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश में ELC और ECINet से जुड़े क्षेत्रीय सम्मेलन लखनऊ, मेरठ और वाराणसी में आयोजित किए जाएंगे और लखनऊ इसका पहला चरण है। उन्होंने स्कूल-कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में चुनावी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। गौरतलब है कि ज्ञानेश कुमार ने 1979 में हाईस्कूल और 1981 में इंटरमीडिएट की यूपी बोर्ड परीक्षा में टॉप किया था। उस समय दोनों परीक्षाओं में लाखों छात्र शामिल हुए थे।