लखनऊ न्यूज डेस्क: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के इतिहास में 15 जून 2026 एक यादगार दिन बनने जा रहा है। जेवर स्थित इस बहुप्रतीक्षित एयरपोर्ट से पहली बार यात्री विमान उड़ान भरेगा और इसकी खास बात यह है कि उद्घाटन उड़ान में क्षेत्र के 172 किसान सफर करेंगे। ये वही किसान हैं, जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराई थी और अब वे अपने ही क्षेत्र में बने इस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से पहली हवाई यात्रा का हिस्सा बनेंगे।
जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में किसान पहली उड़ान से लखनऊ जाएंगे। इस यात्रा को किसानों के सम्मान और उनके योगदान को यादगार बनाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। लखनऊ पहुंचने के बाद किसान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास और किसानों के हित में किए गए कार्यों के लिए आभार व्यक्त करेंगे।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, पहले दिन विमानन कंपनी इंडिगो की उड़ान जेवर एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। लखनऊ से उड़ान भरने वाला विमान सुबह जेवर पहुंचेगा और यहां से किसानों को लेकर वापस लखनऊ रवाना होगा। इस ऐतिहासिक अवसर के लिए एयरपोर्ट पर विशेष तैयारियां की गई हैं, जिनमें विमान का पारंपरिक ‘वॉटर सैल्यूट’ भी शामिल है। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और उद्योग जगत से जुड़े लोग भी मौजूद रहेंगे।
शुरुआती चरण में एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों का संचालन किया जाएगा। 15 जून से लखनऊ और बेंगलुरु के लिए सीधी सेवाएं शुरू होंगी, जबकि अगले दिन से हैदराबाद, जम्मू और अमृतसर के लिए भी उड़ानें शुरू करने की योजना है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही क्षेत्र में निवेश, पर्यटन, रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।