ताजा खबर

मोहम्मद शमी के भाई पर महिला का गंभीर आरोप, शादी का झांसा देकर सालों तक यौन शोषण का केस दर्ज

Photo Source : Google

Posted On:Monday, September 14, 2026

लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के आशियाना थाने में भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ के खिलाफ एक तलाकशुदा महिला की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि कैफ ने शादी का वादा कर करीब छह साल तक उसका यौन शोषण किया और बाद में शादी से इनकार कर दिया। महिला का यह भी आरोप है कि उस पर दबाव बनाकर नौकरी छुड़वा दी गई। मामले में कैफ के भाई हसीब को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक, उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद रविवार रात यौन शोषण, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

महिला के मुताबिक, साल 2020 में एनसीआर में रहने के दौरान उसकी मुलाकात कैफ से हुई थी। उस समय उसका तलाक हो चुका था और वह अपने बेटे के साथ रह रही थी। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और मुलाकातें होने लगीं। महिला का कहना है कि कैफ ने उसकी पारिवारिक स्थिति जानने के बाद भी उससे शादी करने का भरोसा दिया। आरोप है कि 9 सितंबर 2023 को कैफ के कहने पर वह कोलकाता गई, जहां उसे एक होटल में ठहराया गया और शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाए गए। इसके बाद भी अलग-अलग जगहों और होटलों में इसी तरह उसका शोषण किए जाने का आरोप है।

महिला ने शिकायत में कहा है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो कैफ ने दिसंबर 2025 में आईपीएल ऑक्शन के बाद शादी करने की बात कही। ऑक्शन गुजरने के बाद भी शादी नहीं हुई। विरोध करने पर उसे बातचीत के लिए बुलाया गया, जहां कैफ के भाई हसीब और परिवार के अन्य लोग भी मौजूद थे। महिला का आरोप है कि वहां उसे धमकी दी गई और शादी से साफ इनकार कर दिया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि 19 मई को हसीब के बुलाने पर अमरोहा स्थित घर पहुंची तो परिवार के लोगों ने उसे धमकाया और कहा कि वह उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। महिला के मुताबिक, उसने मामले को लेकर 31 अगस्त को आशियाना थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल दूसरे जिले और राज्य में होने की बात कहकर केस दर्ज नहीं किया। इसके बाद उसने अधिकारियों से शिकायत की।

महिला ने अपनी शिकायत में नौकरी छुड़वाने का भी आरोप लगाया है। उसके मुताबिक, वह 2023 में एक एयरलाइंस में केबिन क्रू के तौर पर काम कर रही थी और इसी नौकरी से बेटे की परवरिश और घर का खर्च चलाती थी। आरोप है कि कैफ को उसका नौकरी करना पसंद नहीं था और दबाव बनाकर 2026 में उससे नौकरी छुड़वा दी गई। महिला का यह भी कहना है कि उसने परेशान होकर एक पॉडकास्ट में अपनी आपबीती बताई थी, जिसके बाद कैफ ने मिलने बुलाकर पॉडकास्ट से उसकी बात हटवाने के बदले शादी का भरोसा दिया, लेकिन बाद में फिर मुकर गया। आशियाना इंस्पेक्टर गजेंद्र राय ने बताया कि शिकायत के आधार पर कैफ और हसीब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।


लखनऊ और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Lucknowvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.