लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के नाका थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर में मां-बेटे के विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। विजन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 202 में 17 साल के नाबालिग ने कथित तौर पर अपनी 42 वर्षीय मां गीता भागचंदानी पर रिंच से हमला कर दिया। सिर पर कई वार होने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर कहा कि उसने अपनी मां की हत्या कर दी है, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, घटना गुरुवार की है और शुरुआती जांच में मां-बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद की बात सामने आई है। बहस बढ़ने के बाद नाबालिग ने पास में रखा भारी रिंच उठाया और मां के सिर पर हमला कर दिया। सूचना मिलते ही नाका पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम अपार्टमेंट पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
मृतका के पति राकेश ने बताया कि उनका बेटा पिछले करीब 5-6 साल से गंभीर मानसिक बीमारी से जूझ रहा है। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज और नूर मंजिल जैसे संस्थानों में कराया गया था। परिवार के पास बाल कल्याण समिति की ओर से जारी पत्र भी है, जिसमें उसकी मानसिक स्थिति और इलाज से जुड़े निर्देश दर्ज हैं। पति के मुताबिक, बेटे की हालत और घर में होने वाले विवादों को देखते हुए उसे पिछले चार महीने से अलग किराए के कमरे में रखा गया था। उसकी पढ़ाई, कमरे का किराया और खाने-पीने का खर्च परिवार ही उठा रहा था।
राकेश के अनुसार, गुरुवार सुबह बेटा अपनी मां से मिलने की बात कहकर घर आया था, लेकिन कुछ ही देर बाद यह घटना हो गई। वारदात के बाद उसने खुद पुलिस को फोन करके जानकारी दी। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है। हत्या में इस्तेमाल रिंच को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। वहीं, गीता के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।