लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक युवक पर तेजाब फेंकने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसके मुंहबोले चाचा ने सोते समय उस पर तेजाब डाल दिया। हमले में युवक के शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए और उसकी एक आंख की रोशनी भी चली गई। गंभीर हालत में उसे केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
संत नगर निवासी मुनेश्वर ने बताया कि उनका बेटा मनीष पड़ोस में रहने वाले राजन को मुंहबोला चाचा मानता था। दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी और वे साथ में मुंडन, शादी और बारात जैसे कार्यक्रमों में कैटरिंग का काम करते थे। मनीष अक्सर राजन के घर पर ही रुक जाता था।
मुनेश्वर के मुताबिक, गुरुवार देर रात मनीष राजन के घर के एक कमरे में सो रहा था। इसी दौरान राजन और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर बहस होने लगी। मनीष ने दोनों को समझाने की कोशिश की, जिसके बाद विवाद शांत हो गया। इसके बाद वह चादर ओढ़कर फिर सो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद राजन तेजाब से भरा डिब्बा लेकर कमरे में आया और सो रहे मनीष पर तेजाब डाल दिया। मनीष की आंख खुली तो शुरुआत में उसे लगा कि कोई उस पर पानी छिड़क रहा है, लेकिन कुछ ही देर में उसके शरीर पर घाव होने लगे।
शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने रहीमाबाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायल मनीष को मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि तेजाब से उसके शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं और निजी अंगों पर भी गहरे घाव हैं। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसकी एक आंख की रोशनी जाने की जानकारी दी।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मनीष के पिता बाराती ने राजन के खिलाफ रहीमाबाद थाने में शिकायत दी है। रहीमाबाद के इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि मनीष पर तेजाब फेंकने के पीछे क्या वजह थी।