लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में मोबाइल की बकाया ईएमआई को लेकर युवक को अगवा कर चार दिन तक बंधक बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोबाइल दुकानदार और उसके साथ आए रिकवरी एजेंटों ने पुरहिया गांव के रहने वाले नेवल कुमार को घर से जबरन उठाया और लखनऊ ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और एक अस्पताल में ले जाकर जबरन एक यूनिट खून निकलवाने का भी आरोप है। शिकायत मिलने के बाद निगोहां पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नेवल के भाई राजकुमार के मुताबिक, करीब एक साल पहले नेवल ने निगोहां की गीता मोबाइल शॉप से किस्त पर फोन खरीदा था। दो महीने बाद किस्त नहीं जमा होने पर दुकान और कंपनी से जुड़े लोग फोन वापस ले गए थे और कहा था कि बकाया रकम जमा करने के बाद ही मोबाइल लौटाया जाएगा। इसके बाद नेवल ने यह मान लिया कि फोन वापस जा चुका है तो अब उसे किस्त नहीं देनी है। आरोप है कि 6 और 7 सितंबर को शुभम सिंह नाम का युवक गांव में रेकी करने आया और 8 सितंबर को एक अन्य व्यक्ति के साथ बाइक से पहुंचकर नेवल को दुकान पर बात करने के बहाने अपने साथ ले गया।
राजकुमार का आरोप है कि शुभम और उसका साथी नेवल को दुकान ले जाने के बजाय लखनऊ के एक अस्पताल ले गए, जहां दबाव बनाकर उसका एक यूनिट खून निकलवाया गया। इसके बाद उसे लखनऊ स्थित एक कमरे में ले जाकर कथित तौर पर बंधक बना लिया गया। आरोप है कि वहां उससे जबरन काम कराया गया और 9 सितंबर को उसके भाई से फोन करवाकर 2600 रुपये मांगे गए। राजकुमार ने आने-जाने के किराए समेत 2799 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए, लेकिन नेवल को नहीं छोड़ा गया। इसके बाद रात करीब 10-11 बजे उसके साथ मारपीट की गई और कथित तौर पर धमकी दी गई कि 12,500 रुपये और नहीं दिए तो उसे जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा।
राजकुमार के मुताबिक, चार दिन तक भाई के साथ हुई कथित ज्यादती के बाद उन्होंने 12 सितंबर को निगोहां थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस के आरोपियों से संपर्क करने और दबाव बनाने के बाद आरोपी नेवल को खुद घर लाने के बजाय लखनऊ से रैपिडो बाइक बुक कर उस पर बैठाकर निगोहां भेज गए। घर लौटने के बाद नेवल के शरीर पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। नेवल की मां जदुराई की तहरीर पर पुलिस ने नामजद शुभम सिंह और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ धारा 143(3), 146, 127(3) और 115(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।