लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र के एक जैन मंदिर में हुई करीब 15 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में सीतापुर के महौली निवासी संजय शुक्ला को गिरफ्तार किया है। उसके पास से भगवान अनंतनाथ की अष्टधातु की मूर्ति, चांदी का सिंहासन, छत्र, पंचमेरू समेत चोरी का पूरा सामान बरामद किया गया है।
बाजारखाला इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह के अनुसार, ऐशबाग के मिल रोड स्थित आटा मिल परिसर में बने जैन मंदिर में 20-21 अगस्त की रात चोरी हुई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में पता चला कि संजय करीब छह महीने पहले इसी आटा मिल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। उस दौरान मंदिर की सुरक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी भी उसके पास थी। इसी वजह से उसे मंदिर में रखी कीमती मूर्ति, चांदी के सामान और चढ़ावे की पूरी जानकारी थी। नौकरी से निकाले जाने के बाद उसने मंदिर में चोरी की योजना बनाई और शालीमार में गार्ड की नौकरी करते हुए इसकी तैयारी करता रहा।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने यूट्यूब वीडियो देखकर ताला तोड़ने का तरीका सीखा था। वारदात वाली रात वह पेट्रोल, सिरिंज और प्लास लेकर मंदिर पहुंचा। उसने ताले में पेट्रोल डालकर आग लगाई, लेकिन ताला नहीं खुला तो प्लास से उसे तोड़ दिया और सामान लेकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, संजय आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी कई चोरी के मामले दर्ज हैं। उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। अब पुलिस उसके अन्य आपराधिक संपर्कों की जांच कर रही है।