ताजा खबर

लखनऊ में हेड कांस्टेबल ने पत्नी की हत्या की, एक साल का मासूम रातभर मां को खोजता रहा

Photo Source : Google

Posted On:Monday, September 7, 2026

लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ में एक हेड कांस्टेबल पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। रविवार को विवाद के बाद हिमांशु श्रीवास्तव ने पत्नी रश्मि के सिर पर मसाला कूटने वाले मूसल से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से रश्मि की मौत हो गई। मां की मौत से अनजान उनका एक साल का बेटा तन्मय रातभर उन्हें खोजता और रोता रहा। घटना के बाद पुलिस ने हिमांशु को हिरासत में लिया और देर रात निलंबित भी कर दिया।

रश्मि के भाई सौरभ ने आरोप लगाया कि हिमांशु शराब का आदी था और अक्सर शराब पीकर बहन से मारपीट करता था। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला तलाक तक पहुंच गया था, लेकिन परिवार ने समझौता करा दिया। रश्मि ने जौनपुर में हिमांशु के खिलाफ घरेलू हिंसा का मुकदमा भी दर्ज कराया था, हालांकि बाद में उसमें भी समझौता हो गया। परिवार को उम्मीद थी कि करीब एक साल पहले बेटे के जन्म के बाद हालात सुधरेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

परिजनों के मुताबिक, हत्या के बाद हिमांशु कुछ देर पत्नी के शव के पास बैठा रहा और फिर अपने बेटे को गोद में लेकर बाहर घूमता रहा। दोपहर करीब 3 बजे रश्मि के भाई घर पहुंचे तो बहन का शव देखकर हैरान रह गए। मौत के बारे में पूछने पर हिमांशु कथित तौर पर अलग-अलग बातें बताने लगा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। रश्मि के भाई ने आरोपी को सख्त सजा देने और उसकी नौकरी खत्म करने की मांग की है।

हिमांशु मूल रूप से अयोध्या के निरालानगर का रहने वाला है। उसकी शादी अंबेडकरनगर के मालेपुरा निवासी रश्मि से 2015 में हुई थी। वह पिछले करीब ढाई साल से लखनऊ के पेपर मिल इलाके में डॉक्टर एमएम श्रीवास्तव के मकान में किराये पर रह रहा था। हिमांशु 2011 में सिपाही बना था और पिछले साल प्रमोशन के बाद हेड कांस्टेबल हुआ था। उसकी तैनाती डालीगंज स्थित सूचना अधिकार प्रकोष्ठ कार्यालय में थी। डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर के मुताबिक, पुलिस को घर के अंदर हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर रश्मि का शव फर्श पर पड़ा था और सिर के आसपास खून जमा था। पुलिस ने हिमांशु को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और हत्या की वजह की जांच की जा रही है।


लखनऊ और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Lucknowvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.