लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अल्ताफ उर्फ कल्लू (25) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से फैजाबाद का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका का शव भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को आरोपी ने अपनी पत्नी यासमीन की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को उसके बयान पर शक हुआ, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने पत्नी की गला घोंटकर हत्या की और शव को इंदिरा डैम के किनारे फेंक दिया था।
मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोपी के साथ उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है।