लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में बुधवार रात एक होमगार्ड जवान ने ड्यूटी के दौरान आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विक्रम सिंह (45) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विक्रम सिंह, इटावा जिले के करई गांव के रहने वाले थे और अपनी पत्नी नेहा सिंह के साथ सरोजनीनगर के नवीन गौरी में किराए के मकान में रहते थे। वह चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एटीसी उपकरण सुरक्षा में तैनात थे। बुधवार रात लगभग 9 बजे वह ड्यूटी पर गए थे।
गुरुवार सुबह उनके साथी होमगार्ड धर्मपाल रिलीव करने पहुंचे तो सुरक्षा चौकी का गेट अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो झांककर देखा तो विक्रम टीन शेड के पाइप से रस्सी के सहारे लटका मिला। धर्मपाल ने तुरंत अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ताला तोड़कर शव को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सरोजनीनगर के प्रभारी निरीक्षक राजदेव राम प्रजापति ने कहा कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है।