लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या का मुख्य साजिशकर्ता दिनेश यादव समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी का पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुका है। वह 2020-21 के विधानसभा उपचुनावों में पार्टी प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा चुका था।
जांच में पता चला है कि दिनेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पार्टी नेताओं के साथ कई तस्वीरें साझा कर रखी हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से जब्त की गई एक लग्जरी कार पर भी "राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, लोहिया वाहिनी" लिखा हुआ पाया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह लंबे समय से अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर दबाव बनाने और जमीन विवादों में हस्तक्षेप करता था।
27 मई को पीजीआई थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस और एसटीएफ की जांच में सामने आया कि हत्या की वजह पुराना जमीन विवाद था। मामले में दिनेश यादव और उसके ड्राइवर मुकर्रबीन को गिरफ्तार किया गया है, जबकि सुपारी लेकर हत्या करने वाले दोनों शूटर अभी फरार हैं।
एसटीएफ पूछताछ में खुलासा हुआ कि दिनेश यादव अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों और शिकायतों से परेशान था। उसने अपने ड्राइवर मुकर्रबीन के जरिए शूटरों से संपर्क कराया और करीब पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की गई। शूटरों को लखनऊ बुलाकर उनके ठहरने और आने-जाने की व्यवस्था की गई। कई दिनों तक संदीप सिंह की गतिविधियों और रूट की रेकी की गई।
जांच एजेंसियों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के लिए सेकंड हैंड अपाचे बाइक खरीदी गई और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर इस्तेमाल किया गया। हत्या वाले दिन दिनेश यादव और मुकर्रबीन खुद को शक से बचाने के लिए लखनऊ से बाहर चले गए थे। वारदात के बाद शूटरों ने फोन कर उन्हें हत्या पूरी होने की सूचना दी थी।
इस मामले में पुलिस ने दिनेश यादव की मर्सिडीज समेत चार लग्जरी गाड़ियां जब्त की हैं। पुलिस का कहना है कि फरार शूटरों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।