लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके से लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि किशोरी को झांसा देकर घर से ले जाया गया और पीजीआई क्षेत्र के एक होटल में तीन दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को किशोरी की भाभी ने मोहनलालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को किशोरी अचानक घर से गायब हो गई थी। काफी तलाश के बाद परिवार को पता चला कि दुर्गेश और उसकी पत्नी खुशबू उसे अपने साथ ले गए थे।
परिजनों के संपर्क में आने के बाद किशोरी ने बताया कि 18 से 20 जुलाई के बीच राबिया और उसके पति विनोद उसे बाइक से पीजीआई क्षेत्र के एक होटल में ले गए। वहां राबिया ने उसकी मुलाकात अपने परिचित द्वारिका रैदास से कराई, जिसने तीन दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुस्ताक के निर्देश पर गठित टीमों ने जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना के आधार पर शनिवार को किसान पथ के पास पूरनपुर गांव से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में द्वारिका रैदास (70), विनोद रावत (20), दुर्गेश रावत (26), खुशबू (23) और राबिया (18) शामिल हैं। सभी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी द्वारिका रैदास ने अन्य आरोपियों की मदद से वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि दुर्गेश, खुशबू और विनोद ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ रखा, जबकि राबिया ने उसे होटल में ठहराकर मुख्य आरोपी से मिलवाया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।